झुंझुनू। जिले में पंचायती राज संस्थाओं के परिसीमन की तस्वीर साफ हो गई है। नए परिसीमन के बाद अब सिंघाना को पंचायत समिति बनाया जबकि 14 नई पंचायतों को सरकार ने मंजूरी दी है। प्रशासन ने जुलाई में 22 नई पंचायत बनाने और सिंघाना को पंचायत समिति बनाने के प्रस्ताव दिए थे। बाद में फिर नए प्रस्ताव भेजे गए थे जिसमें पिलानी और मंडावा को पंचायत समिति बनाने का प्रस्ताव दिया गया था। सरकार ने पिछले दिनों निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं में 2011 की जनगणना के अनुसार परिसीमन करने की घोषणा की थी। इसके तहत ग्राम पंचायतों एवं पंचायत समितियों का पुनर्गठन किया गया है। करीब दो माह के बाद पंचायतों के नए प्रारूप तैयार किए गए है।
नए परिसीमन में सिंघाना में पंचायत समिति मुख्यालय होगा। सिंघाना में 25 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है। जिले में वर्तमान में आठ पंचायत समिति थी। सिंघाना के नई पंचायत समिति बनने पर इनकी संख्या नौ हो गई। अभी तक झुंझुनू, मलसीसर, नवलगढ़, उदयपुरवाटी, खेतड़ी, बुहाना, सूरजगढ़ व चिड़ावा पंचायत समिति मुख्यालय है। अब सिंघाना भी पंचायत समिति मुख्यालय होगा। जिले में वर्तमान में 301 ग्राम पंचायत थी। नए परिसीमन से 14 पंचायतों के और बन जाने से जिले में पंचायतों की संख्या बढ़कर 315 हो गई। पहले जिले में 288 ग्राम पंचायत थी। सात साल पहले जिले में 13 नई पंचायत बनने से इनकी संख्या 301 हो गई थी। अब यह बढ़कर 315 हो गई।