भोपाल::भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दर्शन सिंह चौधरी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा की गई डिफाल्टर किसानों का ब्याज माफ करने की घोषणा पर उनके प्रति आभार व्यक्त किया है।
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दर्शन सिंह चौधरी ने सोमवार को विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से भेंट की और डिफाल्टर किसानों का ब्याज माफ करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। चौधरी ने कहा कि कमलनाथ सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले किसानों से कर्ज माफी का झूठा वादा किया था। कांग्रेस की आधी अधूरी कर्जमाफी के कारण प्रदेश के हज़ारों किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से लिए गए कर्ज को नहीं चुका पा रहे थे, जिसके परिणाम स्वरूप उन पर ब्याज का बोझ और ज्यादा बढ़ता जा रहा था। लेकिन प्रदेश के किसान पुत्र मुख्यमंत्री ने किसानों की इस पीड़ा को समझा और आज विधानसभा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए डिफाल्टर हुए किसान भाई-बहनों पर लगे ब्याज को सरकार द्वारा वहन करने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री की यह घोषणा किसान भाइयों के लिए बड़ी सौगात है और इसके लिए मैं प्रदेश के किसानों, प्रदेशवासियों एवं किसान मोर्चा की ओर से मुख्यमंत्री माननीय शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त करता हूं।